एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में मेधावियों पर पुरस्कारों की बौछार

एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में मेधावियों पर पुरस्कारों की बौछार

संतकबीरनगर। एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। टॉप रैंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं पर पुरस्कारों की बौछार हुई, जिससे नौनिहालों के चेहरे सफलता की खुशी से खिल उठे।

क्लास 6वीं से 11वीं तक के टॉप रैंकर्स को साइकिलें, जबकि नर्सरी से 5वीं तक के जूनियर रैंकर्स को हैंड वॉच, वॉल वॉच और टिफिन बॉक्स भेंट किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चे कैंपस में साइकिल चलाकर अपनी खुशी का इजहार करते नजर आए।

कार्यक्रम के चीफ गेस्ट सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि इस ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं ने अथक परिश्रम से अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। नौनिहालों के साथ ही शिक्षक-शिक्षिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में संस्थान और बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने नई क्लास में प्रवेश के मुहाने पर खड़े छात्र-छात्राओं को और बेहतर परिणाम लाने का संकल्प दिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विशिष्ट अतिथि एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के एमडी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि नए सत्र में शिक्षण प्रणाली नए कलेवर में नजर आएगी। संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अभिभावक, शिक्षक और छात्र तीनों अपना संयुक्त योगदान दें तो संस्थान की प्रतिभाएं सफलता की बुलंदी पर पहुंचेंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव, पीजी कॉलेज प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय और प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी द्वारा मां सरस्वती और संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।

सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय ने सभी छात्र-छात्राओं को सफलता की बधाई देते हुए नए सत्र के लिए 2 अप्रैल तक नामांकन सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं सुचारू रूप से शुरू हो जाएंगी।

इस दौरान मायाराम पाठक, हरिश्चंद यादव, प्रेम प्रकाश पांडेय, कृष्णा मिश्रा, महेंद्र चौधरी सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Previous articleडीआईजी बस्ती ने की परिक्षेत्र स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी, पुलिस अधीक्षकों को दिए सख्त निर्देश
Next articleसपा नेता रोहित पांडेय का संतकबीरनगर में भव्य स्वागत: टेमा से खलीलाबाद तक बिछाए पलक-पावड़े

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here