आईएमए गोरखपुर ने दिवंगत छात्र आकाश पांडे के परिवार को सौंपी 12 लाख रुपये की सहायता राशि
संतकबीरनगर। सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के होनहार छात्र आकाश पांडे के परिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गोरखपुर ने 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
आज आईएमए गोरखपुर के सचिव डॉ. वाई सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आकाश के पैतृक गांव बरगदवा माफी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और पिताजी को सांत्वना दी। इस दौरान आईएमए की ओर से 12 लाख रुपये का चेक परिवार को सौंपा गया।
डॉ. वाई सिंह ने कहा, “इस दुख की घड़ी में पूरा चिकित्सक समाज आकाश के परिवार के साथ खड़ा है। न्याय की लड़ाई में आईएमए हर संभव सहयोग करेगा। भविष्य में परिवार को किसी भी चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता पड़ी तो आईएमए से जुड़े चिकित्सक निःशुल्क या रियायती दर पर सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।”
प्रतिनिधिमंडल में सह-सचिव डॉ. दिनेश चंद्र और सह-सचिव डॉ. अमरेश सिंह भी शामिल रहे।
आईएमए गोरखपुर ने दिवंगत आकाश पांडे की स्मृति को नमन करते हुए परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। चिकित्सक समाज की यह पहल न केवल आर्थिक सहारा प्रदान करती है, बल्कि न्याय और सांत्वना की भावना को भी मजबूत करती है।















