डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को पारदर्शी व सकुशल कराने के निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 लिखित परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने फिरोजगांधी डिग्री कॉलेज, चन्द्रपाल इंटर कॉलेज गंगागंज सहित जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न हो। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने, अनुचित साधनों की रोकथाम और अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिनों में दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में लगभग 3600 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में एक साथ आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में रायबरेली के केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकल मुक्त हो।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम-एसपी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहले केंद्र पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और परीक्षा नियमों का पालन करें।















