जनशिकायत निस्तारण में संतकबीरनगर ने फिर रचा इतिहास: फरवरी 2026 में प्रदेश में प्रथम रैंक
संतकबीरनगर। आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में जनपद संतकबीरनगर ने एक बार फिर प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के कुशल निर्देशन में फरवरी 2026 की मासिक रैंकिंग में जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि लगातार नौवीं बार हासिल की गई है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने सभी थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि थाने पर आने वाले पीड़ितों/शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। दोनों पक्षों की बातें सुनकर गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का निस्तारण एक निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य है। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की मौके पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच की जाती है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर उसका गहन परीक्षण किया जाता है। यदि जांच संतोषजनक नहीं पाई जाती, तो संदर्भ कड़े निर्देशों के साथ पुनः जांच के लिए वापस भेजा जाता है।
एसपी ने बताया कि जनपद में शासन एवं पुलिस अधिकारियों के स्तर से प्राप्त सभी संदर्भों की निरंतर निगरानी और पर्यवेक्षण किया जाता है। फरवरी 2026 में जनपद के सभी थानों ने मिलकर यह शानदार परिणाम हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रेरित किया कि वे इसी उत्साह और मेहनत से कार्य करते रहें ताकि जनपद का यह क्रम आगे भी जारी रहे।















