मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया: पत्रावलियों के डिजिटलीकरण से प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता बढ़ेगी
रायबरेली। मंडलायुक्त लखनऊ मण्डल विजय विश्वास पंत ने आज कलेक्ट्रेट में संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा शिकायत निस्तारण की गहन समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम राजस्व सहायक (प्रथम), न्याय सहायक (द्वितीय), शिकायत प्रकोष्ठ, न्याय सहायक (प्रथम), लेखाकार, डीएलआरसी, स्थापना, आंग्ल अभिलेखागार तथा डिस्पैच पटल का निरीक्षण किया। अभिलेखों के रख-रखाव और प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अभिलेखागार का दौरा कर कार्यरत कार्मिकों की सेवा पुस्तिकाओं (सर्विस बुक) का अवलोकन किया, जिसमें सभी की सर्विस बुक अपडेट पाई गई। सेवा निवृत्त एवं स्थानांतरित कार्मिकों की पत्रावलियों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभिलेखों एवं पत्रावलियों का ठीक प्रकार से रख-रखाव किया जाए तथा आवश्यक शासनादेशों को गाइड फाइल में सुरक्षित रखा जाए। शस्त्र अनुभाग के निरीक्षण में उन्होंने कहा कि शस्त्र वारिसत संबंधी सभी पत्रावलियों की जांच कराई जाए और शस्त्र नवीनीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए।
मंडलायुक्त ने विशेष रूप से पत्रावलियों के डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए कहा कि सभी पत्रावलियों का डिजिटलीकरण कराया जाए। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी और अभिलेखों का संरक्षण आसान हो जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि सेवानिवृत्ति देयों या एसीपी से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा पारदर्शिता बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कार्मिक उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त के निरीक्षण से कलेक्ट्रेट में कार्य संस्कृति, डिजिटलीकरण और जनसेवा में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा है। अधिकारियों ने दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।















