माननीय न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने फीता काटकर किया मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन: पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़ाव की प्रेरणा

माननीय न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने फीता काटकर किया मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन: पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़ाव की प्रेरणा

प्रयागराज। अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को आयोजित तीन दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह, उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति इन्द्रजीत शुक्ला, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि फल, शाकभाजी, पौधे एवं पुष्प मानव जीवन के आधार हैं। पुष्पों के बिना जीवन नीरस रहता है। पुष्प प्रेम का प्रतीक होने के साथ-साथ भावनाओं और भाषा का द्योतक भी हैं। प्रदर्शनी के भव्य आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि फूल-पौधों को देखकर हमें खुशी मिलती है और यह हमें अपनी धरा से गहराई से जोड़ता है। इस प्रकार की प्रदर्शनी पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से अपील की कि घर-घर पर पौधे लगाएं, क्योंकि पेड़-पौधे हमें जीवन जीने की बड़ी सीख देते हैं। उद्यान विभाग के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रमों को वृहद स्तर पर आयोजित करने पर जोर दिया।

मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि बसंत ऋतु में आयोजित यह मण्डलीय पुष्प प्रदर्शनी शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होती है। इस समय फूलों की ब्लूमिंग चरम पर होती है और विभिन्न प्रकार के फूलों तथा उनसे बनी कलाकृतियों का दृश्य मन को आनंदित करता है। प्रदर्शनी से पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश मिलता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि प्रकृति को सुरक्षित एवं संरक्षित रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। आज का प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करेगा। उन्होंने प्रदर्शनी को जन-जागरण का माध्यम बताते हुए कहा कि फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी से किसानों, बागवानों और आमजन को नई प्रेरणा मिलती है।

प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आम जनमानस के लिए खुली रहेगी। इसमें विभिन्न प्रकार के फल, शाकभाजी, दुर्लभ पौधे, सजावटी फूलों की प्रदर्शनी, फूलों से बनी कलाकृतियां तथा कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध होगी। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति से जुड़ाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह में उद्यान विभाग के अधिकारी, किसान, बागवान, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी तीन दिनों तक प्रयागराजवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।

Previous articleडीएम हर्षिता माथुर ने तहसील महराजगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी 56 फरियादें: 05 का तत्काल निस्तारण, शेष एक सप्ताह में समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश
Next articleदुष्कर्म के फरार आरोपी को गोरखनाथ पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर भेजा जेल: एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर छह महीने की मशक्कत के बाद मिली सफलता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here