यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने एसएसपी की सख्त समीक्षा: जाम, पार्किंग और नियम उल्लंघन पर विशेष फोकस
गोरखपुर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास लगने वाले जाम, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन सहित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि यातायात व्यवस्था शहर की छवि और आमजन की सुविधा से सीधे जुड़ी है। सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जाम वाले स्थानों पर विशेष प्लान बनाकर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की जाए। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अनिवार्य होगी।
अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाने के आदेश दिए गए। स्कूल एवं कार्यालय समय में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए यातायात को सुचारु रखा जाए। एसएसपी ने यातायात पुलिस को आमजन के साथ विनम्र व्यवहार अपनाने और जागरूकता अभियान चलाकर नियम पालन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
बैठक में यातायात संकेतकों, बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्लान और दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी की रणनीति भी तैयार की गई। एसएसपी ने तकनीक का अधिकतम उपयोग कर ट्रैफिक मॉनिटरिंग मजबूत करने, सीसीटीवी और अन्य संसाधनों की मदद लेने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा, क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी कैंट, क्षेत्राधिकारी लाइन, यातायात निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने सभी को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का आह्वान किया।















