घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए और हर संभव चिकित्सा सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
जगतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने नौ महिलाओं को टक्कर मार दी थी। हादसे में चार महिलाओं की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज चल रहा है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी ऊंचाहार राजेश कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल (पुरुष) डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।















