खेल के मैदान में नन्हे बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल का वार्षिक खेल दिवस आयोजित, जंगल थीम पर हुईं रोचक प्रतियोगिताएं
बस्ती। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य के साथ फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल, बस्ती की ओर से रविवार को सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल परिसर में वार्षिक खेल दिवस-2026 का आयोजन किया गया। ‘जंगल ट्रेल्स- द अल्टीमेट स्पोर्ट्स डे’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने खेल गतिविधियों के जरिए प्रतिभा का प्रदर्शन किया और प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन की थीम ‘एक्सप्लोर द वाइल्ड, प्रोटेक्ट द प्लैनेट’ रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी रहे। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल और सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, निदेशक श्वेता सिंह, हिमांशु सेन और मनीष अग्रवाल, प्रधानाचार्य सुभाष जोशी तथा फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल की निदेशक रश्मि अग्रवाल उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत समारोह और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन का उद्घाटन किया। नन्हे विद्यार्थियों ने अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को सम्मान, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत स्पोर्ट्स टॉर्च रन और ‘मार्च ऑफ द जंगल गार्जियन्स’ से हुई। इसमें बच्चों ने जंगल के जीव-जंतुओं और उनके संरक्षण से जुड़े संदेशों के साथ मार्च किया। ‘हमारे जंगल, हमारा भविष्य’ और ‘बाघों की दहाड़ सुनें, उनके विलुप्त होने की नहीं’ जैसे संदेशों ने लोगों का ध्यान खींचा।
टॉडलर से लेकर पीपी-2 तक के बच्चों के लिए आयु के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मंकी बनाना हंट, बटरफ्लाई गार्डन डैश, पैरट नेस्ट रिले, टाइगर टनल एडवेंचर, जंगल ऑब्स्टेकल एक्सप्लोरर, रेस्क्यू द जंगल एनिमल्स, सेव द जंगल मिशन और सेव द फिश जैसी गतिविधियों में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। देवाशीष, माधवी, नायाब, सबरजोत, कायरा, वेदांत, राश्वी, प्रांशी, अद्विका, अक्षय, अतुलिका, मनस्वी, रक्षित और आशीष यादव ने अपने प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी।
खेल गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। पीपी-1 और पीपी-2 के विद्यार्थियों ने ‘रिदम ऑफ द रेनफॉरेस्ट’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। चीयरलीडिंग और पिरामिड प्रदर्शन ने भी आकर्षित किया। ‘फीड द हंग्री लायन’ गतिविधि में अभिभावकों ने बच्चों के साथ हिस्सा लिया। मुख्य अतिथियों ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
आयोजन की खास बात यह रही कि बच्चों की सफलता को केवल प्रथम और द्वितीय स्थान तक सीमित नहीं रखा गया। प्रत्येक प्रतिभागी को उसके प्रयास और सहभागिता के सम्मान में पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पीहू राय ने किया। इसे सफल बनाने में शिक्षिकाओं संगीता श्रीवास्तव, अनुपमा विश्वकर्मा, साइमा खातून सहित अन्य शिक्षिकाओं, आयोजन टीम और सहयोगी स्टाफ का योगदान रहा।
निदेशक रश्मि अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। समापन ‘जंगल बचाओ, वन्यजीव बचाओ, भविष्य बचाओ’ के सामूहिक संकल्प और राष्ट्रगीत के साथ हुआ।















