दहेज हत्या के मामले में पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
कैंपियरगंज पुलिस ने दो पुरुषों और एक महिला को दबोचा, दहेज उत्पीड़न से जुड़ा है मामला
गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, महिला अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कैंपियरगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 581/2026 में दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में तीनों आरोपी वांछित चल रहे थे। उनकी तलाश में जुटी पुलिस ने शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शालू निषाद पुत्र हरिराम प्रसाद, हरिराम पुत्र स्वर्गीय विश्वनाथ और सावित्री उर्फ सुभावती देवी के रूप में हुई है। तीनों ग्राम लक्ष्मीपुर द्वितीय, टोला गजरहिया, थाना कैंपियरगंज के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।















