डीजीएस गोल्ड-सिल्वर से सम्मानित आईपीएस डॉ. कौस्तुभ बने गोरखपुर के नए एसएसपी   संतकबीरनगर,महाराजगंज, अंबेडकर नगर, जौनपुर के बाद अब गोरखपुर में अपराध पर सख्त प्रहार की कमान

डीजीएस गोल्ड-सिल्वर से सम्मानित आईपीएस डॉ. कौस्तुभ बने गोरखपुर के नए एसएसपी  

संतकबीरनगर,महाराजगंज, अंबेडकर नगर, जौनपुर के बाद अब गोरखपुर में अपराध पर सख्त प्रहार की कमान

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2015 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया है। इससे पहले वे जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात थे, जहां उनकी सख्त, निष्पक्ष और परिणामोन्मुख पुलिसिंग ने कानून-व्यवस्था को मजबूत आधार दिया।

डॉ. कौस्तुभ का पुलिस सेवा का सफर चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील जिलों से गुजरा है। जुलाई 2019 में उन्होंने गोरखपुर में ही एसपी सिटी के रूप में कार्यभार संभाला था। इस दौरान अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई और यातायात प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार किए, जिससे उनकी प्रशासनिक कुशलता सिद्ध हुई।

इसके बाद सीमावर्ती जिला महाराजगंज में एसपी के रूप में तैनात हुए, जहां अनुशासन और सख्ती के साथ कानून-व्यवस्था को संभाला। महाराजगंज से स्थानांतरण के बाद अंबेडकर नगर में एसपी बने और वहां भी अपराधियों पर कठोर प्रहार कर प्रभावी पुलिसिंग की मिसाल कायम की। अंबेडकर नगर के बाद जौनपुर में उनके कार्यकाल में कई बड़ी कार्रवाइयां हुईं, जिनसे अपराधियों में खौफ और जनता में पुलिस पर भरोसा बढ़ा।

डॉ. कौस्तुभ ने वाराणसी और सोनभद्र जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अंडर ट्रेनिंग और अन्य पदों पर भी सेवाएं दीं। इन अनुभवों ने उन्हें जमीनी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की गहन समझ दी। उनकी ईमानदार, उत्कृष्ट और प्रभावशाली सेवाओं के लिए वर्ष 2021 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) तथा 2023 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) से सम्मानित किया जा चुका है।

एमबीबीएस डिग्रीधारी डॉ. कौस्तुभ मूल रूप से बिहार के पटना के निवासी हैं। वे अपनी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए पूरे प्रदेश में जाने जाते हैं। उनकी कार्यशैली अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस-जनसंवाद को मजबूत बनाने पर केंद्रित रही है।

माना जा रहा है कि डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में गोरखपुर में अपराध पर और सख्ती, संगठित गिरोहों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और जनता के साथ बेहतर तालमेल बढ़ेगा। गोरखपुर पुलिस परिवार और आम नागरिकों ने उनके आगमन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और सकारात्मक दृष्टिकोण से जनपद में शांति और सुरक्षा का नया अध्याय शुरू होगा।

Previous articleचंडी महायज्ञ और भागवत कथा में उमड़ी भक्ति की लहर समाजसेवी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने संतों को अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित, यज्ञ समिति को दी 21 हजार की सहयोग राशि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here