नगर आयुक्त की सख्ती: जीडीए कॉलोनियों में नगर निगम सेवाएं चरणबद्ध लागू होंगी

नगर आयुक्त की सख्ती: जीडीए कॉलोनियों में नगर निगम सेवाएं चरणबद्ध लागू होंगी

सुविधाओं के विस्तार के लिए विभागवार प्रस्ताव तैयार करने, वाहन खरीद और कर्मचारियों को ड्रेस कोड के निर्देश

गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शनिवार को जीडीए से नगर निगम को हस्तांतरित कॉलोनियों में मूलभूत एवं नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इन कॉलोनियों में नगर निगम की सभी सेवाएं चरणबद्ध तरीके से प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी, ताकि निवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हस्तांतरित कॉलोनियों में सफाई, जल, नाली, सड़क, कूड़ा प्रबंधन और अन्य सुविधाओं के लिए आवश्यक संसाधन तत्काल जुटाए जाएं। इसके तहत एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी), जीडीएस, कैटल कैचर और डॉग कैचर वाहनों की खरीद का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही इन वाहनों की सुरक्षित पार्किंग और प्रत्येक कॉलोनी में वार्ड कार्यालय स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कॉलोनियों में सुविधाओं पर होने वाले व्यय का विभागवार विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए। नए पार्कों का निर्माण, नालों की नियमित सफाई, आवश्यकता अनुसार सफाई कर्मचारियों की तैनाती, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, यूजर चार्ज, गृहकर, जलकर एवं सीवर कर की वसूली प्रक्रिया तुरंत शुरू करने पर जोर दिया।

जलकल विभाग को इन क्षेत्रों में नलकूप स्थापना, पाइपलाइन विस्तार और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। निर्माण विभाग को सहायक अभियंताओं के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कर नाली-सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को भवनों के पंजीकरण और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया तेज करने तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी को बायो-वेस्ट जनरेशन प्वाइंट्स चिन्हित कर कूड़ा संग्रहण एवं शुल्क निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सभी जोनल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में बेहतर समन्वय स्थापित कर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। नगर आयुक्त ने यह भी साफ निर्देश दिया कि इन कॉलोनियों में कार्यरत सभी नगर निगम कर्मचारी अनिवार्य रूप से निर्धारित ड्रेस कोड में रहकर ही ड्यूटी करेंगे, जिससे निगम की पहचान और अनुशासन बना रहे।

बैठक में अपर नगर आयुक्त (द्वितीय एवं तृतीय), जोन 1 व जोन 4 के जोनल अधिकारी, महाप्रबंधक जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी तथा अन्य अभियंता उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अंत में दोहराया कि नागरिक सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

Previous articleडीएम-एसपी ने जिला कारागार का सघन निरीक्षण किया
Next articleताइक्वांडो बेल्ट प्रमोशन परीक्षा में दमखम दिखाया दमके खिलाड़ियों ने

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here