उत्तर प्रदेश दिवस पर गोरखपुर में पोषण का मजबूत संदेश गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भव्य आयोजन, पोषण स्वास्थ्य नारी सशक्तिकरण पर रहा विशेष जोर

उत्तर प्रदेश दिवस पर गोरखपुर में पोषण का मजबूत संदेश

गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भव्य आयोजन, पोषण स्वास्थ्य नारी सशक्तिकरण पर रहा विशेष जोर

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गौ सेवा संरक्षण उपाध्यक्ष अतुल सिंह, विधायक पिपराइच महेंद्रपाल सिंह, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर एवं मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर बाल विकास विभाग की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं, जिनके माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य संवर्धन, स्कूल पूर्व शिक्षा तथा नारी सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया गया। लखनऊ से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में किया गया, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

लाइव प्रसारण के उपरांत जनपद के विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों, कलाकारों, अनुभवी सदस्यों तथा स्कूलों से आए बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम और अधिक जीवंत बन गया। मुख्य अतिथि के करकमलों से बाल विकास विभाग की दो गर्भवती महिलाओं का गोद भराई संस्कार एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं प्रदर्शनी का निरीक्षण भी मुख्य अतिथि एवं विधायकों द्वारा किया गया।

जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई। नाटक में ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता दिवस के दौरान होने वाली गतिविधियों का सजीव मंचन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी, आशा एवं एएनएम की भूमिका को दर्शाया गया। साथ ही चेहरा प्रमाणीकरण के माध्यम से पोषाहार वितरण एवं स्कूल पूर्व शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। नुक्कड़ नाटक में बाल विकास विभाग की मुख्य सेविकाओं दिव्या सिंह, जागृति, प्रतिमा, निशा दुसाद, प्रतिभा, स्मिता, नीतू नायक, अंकिता, प्रियदर्शिनी, कृति यादव, मंदाकिनी पाण्डेय एवं छोटी बच्ची दित्या ने सहभागिता की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधा। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के साथ-साथ एडी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने के क्रम में बाल विकास विभाग के सात उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं सीडीपीओ सरदारनगर पीयूष चन्द्र, मुख्य सेविका हेमलता, मुख्य सेविका सुनीता शुक्ला, यूनिसेफ प्रतिनिधि सुरेश तिवारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूनम सिंह, मीरा यादव एवं मंजु मिश्रा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, डीडी संस्कृति यशवंत राठौड़, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी नीलेश प्रताप सिंह, डीआईओएस अमरकांत सिंह, समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पोषण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश देने में सफल रहा।

Previous articleनिपुण भारत मिशन के तहत शिक्षा चौपाल: अभिभावकों को किया गया जागरूक, सामुदायिक सहभागिता पर जोर
Next articleअवैध खनन पर डीएम का कड़ा एक्शन: तीन थाना क्षेत्रों में छापा, 10 वाहन सीज, करीब 5 लाख का जुर्माना वसूला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here