निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षा चौपाल: अभिभावकों को किया गया जागरूक, सामुदायिक सहभागिता पर जोर
रायबरेली। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जन-जागरूकता अभियान को गति देने के लिए विकासखंड रोहनिया की विभिन्न न्याय पंचायतों में “शिक्षा चौपाल” का आयोजन शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों, योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी जनसमुदाय तक पहुंचाई जा रही है तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि शिक्षा चौपाल के जरिए अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को निपुण भारत मिशन की प्रगति, लक्ष्य एवं अपेक्षाओं से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस क्रम में 24 जनवरी को न्याय पंचायत इटोरा बुजुर्ग में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में न्याय पंचायत देलौली, सरेनी, रसूलपुर, रोहनिया एवं उमरन में भी चौपाल आयोजित की गई। इसी तरह डीह ब्लॉक के संकुलों/न्याय पंचायतों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें न्याय पंचायत टेकारी, पोठई, अटावां, फागूपुर, खतौधन, बिरनावा एवं मऊ शामिल हैं।
चौपाल में अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई में रुचि, घर पर सहयोग तथा निपुण स्तर प्राप्त करने की आवश्यकता पर जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक, उत्कृष्ट छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा चौपाल न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम है, बल्कि यह शिक्षा में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की प्रभावी पहल सिद्ध हो रही है। निपुण भारत मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।















