डीईओ ने एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक
रायबरेली। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में प्रत्येक बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-06, फॉर्म-07 तथा फॉर्म-08 उपलब्ध हैं। उन्होंने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वे फॉर्म-06 ऑफलाइन बीएलओ के पास अथवा voters.eci.gov.in या ceouttarpradesh.nic.in पर ऑनलाइन भरकर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करवा सकते हैं, जिससे 06 मार्च 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में सभी पात्र मतदाताओं का नाम अवश्य शामिल हो जाए।
उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग अपेक्षित है। राजनैतिक दलों के बीएलए आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन कर यह सुनिश्चित करवा लें कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम सूची में न छूटे। बैठक में नो मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी की जा रही नोटिस के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।















