कानून की जानकारी ही कानून का बचाव: अपर जिला जज
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को दुधारा थानाक्षेत्र के राजापुर सरैया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि कानून की जानकारी रखना ही कानून का बचाव है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरुकता के अभाव में लोग अपने अधिकारों से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने प्राधिकरण द्वारा संचालित स्थाई लोक अदालत, प्री लिटिगेशन, मिडिएशन, एलएडीसीएस के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जनपद में आगामी 22 फरवरी को प्राधिकरण द्वारा आयोजित होने वाले वृहद कार्यक्रम के बारे में भी बताया।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित टोलफ्री नंबर 15100 के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस दौरान मुख्य रूप से ग्राम प्रधान श्याम सुंदर गौंड, सहायक सचिव कन्हैया चौहान, प्राथमिक शिक्षक रमेश शुक्ला, पीएलवी नीरज सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।















