मण्डलायुक्त व डीएम ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के बूथों का किया निरीक्षण
संतकबीरनगर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल अखिलेश सिंह एवं जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 18 जनवरी को 312-मेंहदावल, 313-खलीलाबाद एवं 314-धनघटा (अ0जा0) विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाए जाने के विशेष अभियान दिवस पर जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद के बूथ संख्या 401 से 406 का जायजा लिया। मण्डलायुक्त ने बीएलओ से फार्म-6 प्राप्ति की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर आंकड़ेवार जानकारी ली और प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नैनीडीहा (बूथ 380), प्राथमिक विद्यालय सियारासाथा (375-376), प्राथमिक विद्यालय तामा (509-510), पूर्व माध्यमिक विद्यालय नाथनगर (89-93), प्राथमिक विद्यालय मुखलिसपुर (183-185), उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रजापतिपुर (347-348) एवं प्राथमिक विद्यालय बनिया बारी (388) का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से फार्म-6 प्राप्ति, नाम संशोधन तथा अन्य फार्मों/आवेदनों की बूथवार जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण में दोनों अधिकारियों ने प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की उपस्थिति, मतदाताओं को सूची पढ़कर सुनाने की प्रक्रिया, दावा-आपत्ति प्राप्ति तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं को फार्म-6 भरवाकर बीएलओ ऐप पर डिजिटाइज्ड करने की प्रक्रिया की जांच की। मण्डलायुक्त ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में गुणवत्ता एवं यथार्थता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। आगामी विशेष अभियान तिथियां 31 जनवरी 2026 एवं 01 फरवरी 2026 निर्धारित हैं।















