डीआईजी बस्ती ने थाना इटवा का किया औचक निरीक्षण, चौकीदारों को वितरित किए कंबल
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने 18 जनवरी 2026 को थाना इटवा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदीगृह एवं थाना परिसर का जायजा लिया गया। थाना अभिलेखों की जांच कर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन करने, कार्यालय/थाना परिसर की दैनिक साफ-सफाई सुनिश्चित करने, लंबित विवेचनाओं एवं एहकामातों के समयबद्ध निस्तारण तथा थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती, लावारिस वाहनों का निस्तारण ऑपरेशन क्लीन के तहत कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीआईजी बस्ती ने ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित किया। उन्हें उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का बोध कराया तथा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने और समय पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्राम चौकीदारों को कंबल भी वितरित किए गए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी इटवा प्रवीन प्रकाश, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा तथा प्रभारी निरीक्षक इटवा रविंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
डीआईजी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और जनसुरक्षा के प्रति कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















