दिशा फाउंडेशन द्वारा 20 जनवरी को 51 बेटियों का सामूहिक विवाह: सभी को मिलेगा पूरा गृहस्थी सामान, अतिथियों का विधिवत भोज
गोरखपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय दिशा फाउंडेशन आगामी 20 जनवरी को 51 आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करेगा। नेपाल क्लब, सिविल लाइन में होने वाले इस आयोजन में सभी कन्याओं को पलंग सहित पूरा गृहस्थी सामान दिया जाएगा, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
शुक्रवार को नेपाल क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था की संस्थापिका एवं वरिष्ठ समाजसेविका सुधा मोदी ने बताया कि यह फाउंडेशन का आठवां सामूहिक विवाह समारोह है। इससे पूर्व संस्था ने 21-21 कन्याओं के दो सफल सामूहिक विवाह कराए हैं। इस बार 51 बेटियां विभिन्न जनपदों कुशीनगर, हाटा, महाराजगंज, बस्ती आदि से चयनित की गई हैं। इनमें दो बेटियां नेपाल की हैं तथा एक दिव्यांग कन्या भी शामिल है, जिन्हें समान सम्मान और सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सुधा मोदी ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों के सम्मान, गरिमा और सामाजिक स्वीकार्यता का उत्सव है। इसलिए हर व्यवस्था वैवाहिक रस्में, कन्याओं को दिया जाने वाला सामान, अतिथियों का स्वागत और भोज सब कुछ विधिवत, ससम्मान और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाएगा। अतिथियों, बारातियों और आमंत्रित मेहमानों के लिए शुद्ध, संतुलित और पर्याप्त भोजन की व्यवस्था रहेगी, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सिर्फ नारा नहीं है, इसे हमें कर्म और जिम्मेदारी से साबित करना होगा। बेटियों को अपनाना पड़ेगा, तभी समाज मजबूत होगा।” दिशा फाउंडेशन का उद्देश्य दिखावा नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना है। यह आयोजन उसी सोच और संकल्प का परिणाम है।
प्रेस वार्ता में सुधा मोदी ने दृढ़ भाव से कहा कि संस्था इस सामूहिक विवाह को पूरी निष्ठा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएगी। कार्यक्रम में सभी बेटियों को पलंग, बर्तन, कपड़े और अन्य आवश्यक गृहस्थी सामान प्रदान किया जाएगा।















