मुख्यमंत्री योगी के कर-कमलों से विमोचित ‘वार्षिक स्वच्छता कैलेंडर–2026’
गोरखपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोरखपुर नगर निगम द्वारा प्रकाशित ‘वार्षिक स्वच्छता कैलेंडर 2026’ का भव्य विमोचन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, सम्मानित पार्षदगण, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह कैलेंडर मात्र तिथियों का संग्रह नहीं, बल्कि गोरखपुर के स्वच्छता अभियान की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का जीवंत दस्तावेज है। इसमें स्वच्छ सर्वेक्षण 2024–25 में प्राप्त 5-स्टार रेटिंग और ‘सफाई मित्र सुरक्षित शहर’ श्रेणी में देश के शीर्ष तीन शहरों में स्थान जैसी गौरवशाली उपलब्धियां प्रमुखता से दर्शाई गई हैं।
कैलेंडर में अर्बन फ्लड मैनेजमेंट, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर, राप्ती नदी संरक्षण हेतु फाइटोरेमेडिएशन, ‘वेस्ट टू वंडर’, लिगेसी वेस्ट निस्तारण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे आधुनिक एवं सतत विकास से जुड़े कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल है।
नगर निगम का उद्देश्य इस कैलेंडर के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और जन-भागीदारी बढ़ाकर गोरखपुर को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर आदर्श स्वच्छ एवं आधुनिक नगर के रूप में स्थापित करना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की थीम “स्वच्छता की एक पहल बढ़ाये हाथ, करें सफाई साथ” से जुड़कर यह कैलेंडर आमजन में स्वच्छता चेतना और सहभागिता को और मजबूत करेगा।















