महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने विकास योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, समन्वय से शीघ्र कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
गोरखपुर। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने आज पूर्वाह्न गोरखपुर नगरीय सीमा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, जलकल विभाग के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। महापौर ने मौके पर कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की और गुणवत्ता, समयबद्धता तथा समन्वय पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण में सबसे पहले एच.एन. सिंह चौराहा से गोरखनाथ थाना तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया गया। इस मार्ग पर पूर्व में बिछाई गई पुरानी पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करने के लिए जलकल विभाग द्वारा अब तक लगभग 1475 मीटर पाइपलाइन शिफ्ट की जा चुकी है। साथ ही करीब 350 पेयजल हाउस कनेक्शन भी पूर्ण हो चुके हैं। महापौर ने शेष कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने हड़हवा फाटक एल्युमिनियम फैक्ट्री रोड पर निर्माणाधीन नाले के बेड के ऊँचा होने की शिकायत महापौर के संज्ञान में लाई। इस समस्या पर महापौर एवं नगर आयुक्त ने पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर नाले की ऊँचाई ठीक करने और जलनिकासी सुचारू बनाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव से राहत मिले।
इसके बाद ग्रीन सिटी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा प्रस्तावित 1800 मीटर सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण कार्य के साथ चल रहे पेयजल पाइपलाइन विस्तार की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि अब तक 1700 मीटर लंबाई में दोनों पटरियों पर पाइपलाइन विस्तार पूर्ण हो चुका है। महापौर ने शेष कार्यों को आपसी समन्वय से शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, नाला और पेयजल सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि नगर में चल रही सभी विकास योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के माध्यम से कार्यों में तेजी लाकर जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।















