भीम सरोवर और मानसरोवर में छठ की तैयारियों का डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा
घाटों पर भीड़ नियंत्रण, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा और गहरे पानी वाले स्थानों पर सतर्कता के निर्देश
गोरखपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित भीम सरोवर और मानसरोवर मंदिर परिसर में तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन और जलाशयों के आसपास किए गए इंतजामों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों प्रमुख पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाटों पर भीड़ नियंत्रित रखने, आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित करने और किसी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने पर जोर दिया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।
जलाशयों में गहरे पानी वाले स्थानों और खतरनाक किनारों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करने के लिए जागरूक करने तथा जोखिम वाले स्थानों पर जरूरी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए, ताकि पूजा स्थलों के आसपास वाहनों के कारण जाम न लगे और श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए। आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते खुले रखने तथा मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भीड़ के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करने और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।















