खिचड़ी मेले की तैयारियों का नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने किया निरीक्षण, स्वच्छता, सजावट और जीरो वेस्ट पर सख्त निर्देश
गोरखपुर। श्री गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध खिचड़ी मेले की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला व्यवस्था, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जन-जागरूकता और अन्य कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने गोरखनाथ ओवरब्रिज से गोरखनाथ मंदिर तक डिवाइडर पर लगी रेलिंग को शीघ्र पेंट कराने का आदेश दिया। साथ ही धर्मशाला ओवरब्रिज के सभी पिलरों, यातायात तिराहे से धर्मशाला तक तथा रेलवे साइड वॉल पर स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान स्वच्छता का सकारात्मक संदेश हर आने-जाने वाले तक पहुंचे।
मेला परिसर को जीरो वेस्ट खिचड़ी मेला एवं प्लास्टिक फ्री खिचड़ी मेला बनाने पर विशेष जोर देते हुए नगर आयुक्त ने पूरे क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन संबंधित बैनर एवं फ्लेक्सी लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्टये कहा कि प्रत्येक दुकान पर डस्टबिन अनिवार्य होगा और बिना डस्टबिन के किसी दुकान को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के लिए सख्त हिदायत दी।
मेले से पहले चार-पांच दिनों तक आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम द्वारा दिन-रात विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालु जीरो वेस्ट और प्लास्टिक मुक्त मेले के प्रति जागरूक हो सकें।
सौंदर्यीकरण के लिए मेला परिसर में लाइटिंग, रंग-बिरंगी पतंगों, कपड़ों, घंटियों एवं स्वास्तिक चिन्हों से भव्य सजावट कराने का आदेश दिया गया, ताकि मेला का वातावरण धार्मिक, सांस्कृतिक और आकर्षक बने।
निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, सहायक अभियंता पथ प्रकाश मोहित गुप्ता, अवर अभियंता अवनीश भारती, सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण होने चाहिए, ताकि खिचड़ी मेला भव्य, स्वच्छ और यादगार बन सके।















