नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक: विभागीय समन्वय पर जोर, समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभागीय समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जलकल, विद्युत विभाग, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, सेतु निगम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य महानगर में जल निकासी, नाला निर्माण, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना था।नगर आयुक्त ने भछ सिंह चौराहा से आदित्यपुरी तिराहा होते हुए गोरधोइया नाला तक जल निकासी की गंभीर समस्या पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य अभियंता नगर निगम को निर्देश दिए कि सर्वे कराकर समुचित परियोजना तैयार कर शासन को प्रेषित करें। यह भी सामने आया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा बिना अनापत्ति के नाला निर्माण कराया गया, जिसका क्रॉस सेक्शन कैचमेंट एरिया के अनुरूप नहीं है। नगर निगम को संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।खिचड़ी मेले को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के आदेश दिए। पैडलेगंज से नौसड़ रोड पर चल रहे नाला निर्माण का संयुक्त निरीक्षण कराने तथा बुद्धा गेट के पास लगभग 100 मीटर लंबाई में नाला निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए।
करीमनगर, फर्टिलाइजर रोड स्थित स्पोर्ट्स सिटी क्षेत्र में नाला निर्माण के लेवल को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, सी एंड डी तथा नगर निगम के अभियंताओं को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।बैठक में यह चिंता जताई गई कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे कई नालों का बेड लेवल आसपास की कॉलोनियों के जल निकासी नालों से ऊँचा है, जिससे गंभीर जलभराव की आशंका है।
नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से स्थायी समाधान के निर्देश दिए।विरासत गलियारा में निर्माणाधीन नालों में मानक के अनुरूप कार्य न होने और सीपेज की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण खंड को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के आदेश दिए।
सूरजकुंड, सिधारीपुर तथा हड़हवा फाटक–जाफरा कॉलोनी क्षेत्र में नाला कनेक्शन और लेवल संबंधी समस्याओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।बैठक में निर्णय लिया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्ण की गई सड़कों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नगर निगम को विधिवत हैंडओवर की जाए। राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल के समीप सड़क निर्माण के लिए सेतु निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंत में लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि भविष्य में नाला निर्माण में प्रत्येक 3 मीटर फिक्स स्लैब के बाद 2 मीटर खुले स्लैब का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नालों की नियमित सफाई संभव हो सके।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय के अभाव में होने वाली समस्याओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















