मिलावटी पनीर बनाने वाली डेयरी का लाइसेंस निलंबित, 13 कुंतल दूषित पनीर मौके पर नष्ट
रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की राज्य स्तरीय टीम ने 20 नवंबर 2025 को मिल एरिया थाना क्षेत्र के दाउद नगर में स्थित मेसर्स आरबी डेयरी एण्ड फूड प्रोडक्ट पर छापा मारा। जांच में भारी मात्रा में मिलावटी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार पनीर मिला, जिससे जन स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था।
टीम में एटा के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी, बाराबंकी के नीरद पांडेय, कानपुर नगर के संजय कुमार सिंह, रायबरेली के सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सीआर प्रजापति, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव, सौरभ उत्तम और उदय राज मौर्य शामिल रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि:
– पनीर के 3, मिश्रित दूध का 1 और रिफाइंड पामोलीन ऑयल का 1 नमूना मिलावट के संदेह में लिया गया।
– करीब 13 कुंतल दूषित पनीर (लगभग 3.25 लाख रुपये) मौके पर नष्ट कराया गया।
– 163 लीटर रिफाइंड पामोलीन ऑयल (करीब 28,362 रुपये) जब्त किया गया।
इकाई में गंदगी, अस्वच्छ परिस्थिति और मानकों का खुला उल्लंघन पाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा लखनऊ के आदेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और खाद्य कारोबार पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।
सभी 5 नमूने फास्ट ट्रैक के तहत जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत 18001805000 या 104 पर दें। मिलावट करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।















