दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन-आयोजक बैठक: शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
गोरखपुर।शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के आगमन के बीच प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। अंधियारी बाग रामलीला मैदान में सोमवार दोपहर हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजकरण नय्यर ने संयुक्त रूप से की। जिले भर के सैकड़ों पूजा पंडालों से जुड़े आयोजक इसमें शरीक हुए, जबकि एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, गोरखनाथ एवं तिवारीपुर थानाध्यक्ष सहित चौकियों के प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
बैठक में एसएसपी राजकरण नय्यर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पवित्र पर्व है, जिसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर जुलूस में शामिल होता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और स्वयं निपटाने का प्रयास न करें। साथ ही, कोर्ट द्वारा निर्धारित सीमा के अनुरूप ही डीजे और साउंड सिस्टम का उपयोग करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आयोजकों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पंडाल में आग बुझाने के प्राथमिक साधन जैसे पानी से भरी बाल्टी, बालू और अन्य संसाधन अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें। उन्होंने प्रशासन और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि यही तालमेल इस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की कुंजी है।
बैठक के दौरान दर्जनभर से अधिक आयोजकों ने अपनी समस्याओं को रखा, जिनमें बिजली, सड़क एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और दुर्गा पूजा के समापन से पूर्व इन्हें हल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पुष्प दंत जैन की उपस्थिति ने बैठक को और महत्वपूर्ण बनाया। प्रशासन ने जोर देकर कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसे सतर्कता और सहयोग से संपन्न कराना सबकी साझा जिम्मेदारी है।















