इनर व्हील क्लब ने कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित कर दिखाया सामाजिक योगदान।
संतकबीरनगर। शनिवार को जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र पर इनर व्हील क्लब संतकबीरनगर की सदस्यों ने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए पोषण किट का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य कमजोर स्वास्थ्य वाले बच्चों को बेहतर पोषण प्रदान कर उनका स्वस्थ विकास सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में कुल 8 कुपोषित बच्चे, जो केंद्र में उपचाररत हैं, को आवश्यक पोषण किट दी गईं।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा वंदना गुप्ता, सचिव अनीता अग्रवाल, एडिटर डॉ. सोनी सिंह, कोषाध्यक्ष सरिता जैन और पोषण पुनर्वास केंद्र की मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्रेया सिंह मौजूद रहीं। अध्यक्षा वंदना गुप्ता ने कहा, “कुपोषण से लड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों का स्वस्थ विकास देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। यह छोटा प्रयास उन बच्चों के लिए सहारा बनेगा, जो पर्याप्त पोषण से वंचित हैं।”
डॉ. श्रेया सिंह ने इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा, “पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों का नियमित उपचार और देखभाल की जाती है। इनर व्हील क्लब का यह योगदान बच्चों को सही समय पर उचित पोषण उपलब्ध कराने में मददगार होगा।” पोषण किट में प्रोटीन, विटामिन और खनिज युक्त आहार शामिल हैं, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होंगे।















