सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में स्पीच डिबेट में ग्रीन हाउस का दबदबा, छात्रों को नगदी पुरस्कार से सम्मानित
संतकबीरनगर। जिले के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को एक ज्ञानवर्धक ‘स्पीच डिबेट’ (वाद-विवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य विषय ‘नई शिक्षा नीति’ था, जिसमें छात्रों ने बेबाकी से अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक (एमडी) डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और कार्यकारी एमडी श्रीमती सविता चतुर्वेदी ने दीप प्रज्वलित कर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर, और संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
प्रतियोगिता में छात्रों को ब्लू, ग्रीन, येलो और रेड हाउस के चार ग्रुपों में बांटा गया। ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया, जिसमें प्रतिभागियों ने नई शिक्षा नीति के सकारात्मक पहलुओं, रोजगार-परक शिक्षा की जरूरत, और भविष्य की चुनौतियों पर गहन चर्चा की। उन्होंने नीति में संभावित सुधारों पर भी सुझाव दिए, जिसने कार्यक्रम को विचारोत्तेजक बनाया। उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने कुशल संचालन और मार्गदर्शन किया।
सभी प्रतिभागियों को सूर्या ग्रुप के निदेशक डॉ. उदय ने नगदी पुरस्कार देकर सम्मानित किया। डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, श्रीमती सविता चतुर्वेदी और प्रिंसिपल रविनेश श्रीवास्तव ने छात्रों को संबोधित करते हुए नई शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को बोलने की कला और समसामयिक मुद्दों पर राय बनाने में मदद करते हैं। सभी अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।















