25 हजार के इनामी चोर गैंग के सरगना की गिरफ्तारी, तमंचा और चोरी के गहने बरामद।
संतकबीरनगर: धनघटा, महुली और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को कटार मिश्र पुल के उत्तरी छोर के पास से 25 हजार रुपये के इनामी शातिर चोर इम्तियाज उर्फ हिमताज, निवासी मैली, थाना धनघटा, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 14,900 रुपये नकदी, सोने की चेन, अंगूठी, पायल आदि चोरी के जेवरात बरामद किए। पूछताछ में इम्तियाज ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीना ने बताया कि सूचना के आधार पर एसओ धनघटा जय प्रकाश दूबे, एसओ महुली रजनीश राय और एसओजी प्रभारी अजय सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। इम्तियाज ने खुलासा किया कि उसने अपने गैंग के साथ 24 जून 2025 को धनघटा के सिरसी गांव में तीन घरों में खिड़की का ग्रिल निकालकर चोरी की थी। इसके अलावा, 25 जून 2025 को महुली के तरयापार में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
आपराधिक इतिहास और गैंग की गतिविधियां
एसपी ने बताया कि इम्तियाज का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ धनघटा थाने में 2019 से हत्या के प्रयास, सीएस एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम, चोरी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, और आर्म्स एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। 14 जुलाई को गैंग के छह अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से 2.39 लाख रुपये नकदी, 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, तमंचा, और रिवॉल्वर कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में गैंग लीडर इम्तियाज का नाम सामने आने पर उसके लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब गैंग की अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है और बाकी बचे सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।















