डीएम ने IGRS शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
बस्ती। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से IGRS प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति का फीडबैक लिया और सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और यथासंभव उनका समाधान किया जाए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क करने और आवश्यक होने पर मौके पर जाकर शिकायत निपटाने के निर्देश दिए। DM ने जोर दिया कि स्थल निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता को सूचित करना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि सभी जन-शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। उन्होंने रैंकिंग मॉड्यूल के बदलावों को समझने और शिकायत निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। DM ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकरण का डिफॉल्टर श्रेणी में आना स्वीकार्य नहीं होगा, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीएफओ डॉ. शिरीन, डीडीओ अजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, उमाकांत तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।















