नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”: गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य उत्सव

नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”: गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य उत्सव

गोरखपुर।। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व शनिवार को गोरखपुर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। गोरखनाथ मंदिर, पुलिस लाइन, गीता वाटिका, बालाजी मंदिर, जीडीए चिलूवाताल, थाना कैंट, कोतवाली, शाहपुर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मध्यरात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया, “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के बधाई गीतों ने शहर को भक्ति रस में डुबो दिया।

सुबह से ही शहर में झांकियों को सजाने का काम जोर-शोर से शुरू हो गया था। रंग-बिरंगी झालरों से सजी झांकियां शाम होते ही चमक उठीं। जलकल भवन में सुंदर झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और अपर नगर आयुक्त की उपस्थिति में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि वे विधि-विधान से पूजा और व्रत का पारण कर सकें। जेल में बंदियों ने भी बैरकों में झांकियां सजाकर पूजन-अर्चन किया और श्रीकृष्ण की बाललीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

 

गीता वाटिका के राधा-कृष्ण मंदिर को रंगीन झालरों से सजाया गया, जहां मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर लगी दुकानों पर चाट-पकौड़ों का आनंद लिया। पुलिस लाइन में भी झांकियां सजाई गईं, जहां भक्तों ने मेले का लुत्फ उठाया। मोहद्दीपुर के गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। मंदिर में भगवान की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम 6 बजे से शुरू हुई भजन संध्या ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जो रात 11:55 तक चली। मध्यरात्रि 12 बजे जन्मोत्सव के साथ मंदिर जयघोष से गूंज उठा, और प्रसाद वितरण हुआ।

 

बालाजी मंदिर, विद्युत उपकेंद्र तारामंडल में भी भगवान के जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरण हुआ। भजन गायक नीरज बावरा श्री धाम वृंदावन और आयोजक सचिव आशुतोष कुमार सिंह ‘राजेश’ ने अतिथियों का स्वागत किया। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सदर सांसद रवि किशन, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस.एस. चन्नाप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, सीओ दीपांशी सिंह राठौर, सीओ कोतवाली ओमकार तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन सहित पुलिस लाइन के कर्मचारी, उनके परिवार, आरटीसी आरक्षी महिलाएं और अन्य लोग उपस्थित रहे। यह उत्सव गोरखपुर के लिए भक्ति और आनंद का अनुपम संगम बना। 

Previous articleसंजीव त्यागी ने फहराया तिरंगा, पुलिस कर्मियों को दिलाई एकता की शपथ
Next articleबाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार, छह वारदातों का खुलासा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here