मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की सख्ती: यातायात सुधार और निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश।
गोरखपुर: मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन हुआ। पहली बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और जाम की समस्या से जनता को राहत देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ढींगरा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रैफिक प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सड़कों से अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दूसरी बैठक में मंडलायुक्त ने विरासत गलियारा, नाला निर्माण सहित अन्य चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से समझौता स्वीकार्य नहीं है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। ढींगरा ने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी और तेजी से पूर्ण करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा।
बैठकों में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, डीएफओ विकास यादव, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा और निरंकार सिंह, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त की यह पहल गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और निर्माण कार्यों को समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















