डीएम की सख्ती: सड़क मरम्मत और बिजली चोरी रोकने में तेजी लाने के निर्देश।
गोरखपुर: जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियरों (जेई) के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत, बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत और निर्माण में तेजी लाने, गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और नाला निर्माण में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बिजली विभाग को निर्देश दिए गए कि विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाए, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और खराब ट्रांसफार्मर 24-48 घंटे में बदले जाएं। डीएम ने बिजली चोरी रोकने, राजस्व वसूली बढ़ाने और उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या को अत्यधिक लोड से जोड़ा और उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश दिए।
उपभोक्ता सेवा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने जर्जर तारों, पुराने खंभों और खुले ट्रांसफार्मरों पर तत्काल बैरिकेडिंग के निर्देश दिए ताकि जन और पशु हानि रोकी जा सके। “झटपट पोर्टल” पर आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण और दिव्यांगों की शिकायतों का उनके घर जाकर समाधान करने को कहा। डीएम ने उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार और फोन पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की हिदायत दी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा सहित पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के जेई मौजूद रहे।















