रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफा, बहनों के लिए मुफ्त बस यात्रा।
गोरखपुर। शनिवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार ने बहनों को विशेष तोहफा दिया है। हर साल की तरह इस बार भी 8 से 10 अगस्त रात 12 बजे तक प्रदेशभर में महिलाओं के लिए निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा का लाभ महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले पुरुषों को भी मिलेगा। गोरखपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बहनें इस मौके पर रोडवेज बसों से भाइयों के घर राखी बांधने पहुंच रही हैं।
योगी सरकार की यह पहल महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाती है, जिसकी जनता में खूब प्रशंसा हो रही है। गोरखपुर रोडवेज बस स्टेशन पर परिवहन विभाग के एआरएम महेश चंद ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बस संचालकों को सख्त हिदायत दी कि सरकार की इस सुविधा को हर महिला तक पहुंचाया जाए। इसके बाद उन्होंने यात्रियों से बात कर सुविधा और असुविधा के बारे में जानकारी ली।
यात्रियों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल रक्षाबंधन को और यादगार बनाती है। सरकार का यह प्रयास न केवल महिलाओं की सुगम यात्रा सुनिश्चित करता है, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने में भी सहायक है।















