गांधीनगर बाजार में ASP मानसी दहिया ने संभाली सुरक्षा की कमान, पुलिस ने किया पैदल फ्लैग मार्च भीड़भाड़ वाले बाजार में संदिग्धों की चेकिंग, दुकानदारों से किया सीधा संवाद; महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

गांधीनगर बाजार में ASP मानसी दहिया ने संभाली सुरक्षा की कमान, पुलिस ने किया पैदल फ्लैग मार्च

भीड़भाड़ वाले बाजार में संदिग्धों की चेकिंग, दुकानदारों से किया सीधा संवाद; महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

बस्ती। बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर नजर रखने के लिए शुक्रवार को बस्ती पुलिस ने गांधीनगर मुख्य बाजार में पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान का नेतृत्व एएसपी सदर मानसी दहिया और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह ने किया। इस दौरान पुलिस की टीम ने बाजार के प्रमुख मार्गों, कपड़ा मार्केट, सराफा बाजार, भीड़भाड़ वाली गलियों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

शुक्रवार को बाजार में खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और वाहनों की जांच की। बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भी आवश्यक हिदायत दी गई।

दुकानदारों से सुरक्षा का लिया फीडबैक

पैदल गश्त के दौरान एएसपी मानसी दहिया और कोतवाली प्रभारी बृजानंद सिंह ने दुकानदारों से संवाद कर बाजार की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि कहीं किसी प्रकार की रंगदारी, धमकी, छेड़खानी या संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हो रही है। दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 या कोतवाली पुलिस को देने की अपील की।

एएसपी मानसी दहिया ने बाजार में मौजूद महिलाओं और युवतियों से भी बातचीत की। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिलाएं बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

पुलिस की पैदल गश्त से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त एवं चेकिंग जारी रहेगी। दुकानदारों और आम नागरिकों से भी सतर्क रहने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

इस दौरान कोतवाली पुलिस के अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।

Previous articleसाइबर अपराधों की विवेचना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसपी ने दिए सख्त निर्देश आईटी एक्ट के मामलों की समीक्षा कर परखी प्रगति, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन पर दिया जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here