गीडा में भूमि विवाद तनाव: एक गिरफ्तार, सीमांकन के बाद भी झगड़ा।
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बोक्टा गांव में 5 अगस्त 2025 को भूमि विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। चंद्रभूषण पांडेय, विकास राज, राजेश तिवारी, विजेंद्र यादव, और विवेक सिंह वघेल ने राम उजागीर, सत्यराम, हरेंद्र, राम आशीष, और विजय शंकर दुबे पर अपनी जमीन पर अवैध कब्जा, पिलर व सीमेंट की दीवार उखाड़कर चोरी, और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राम उजागीर (पुत्र जीते यादव) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता मौजा बोक्टा के खाता संख्या 103 और 107 के सह-संक्रमणीय भूमिधर हैं। राजस्व संहिता धारा 24 के तहत प्रशासन की मौजूदगी में सीमांकन और पिलर-दीवार बनाकर कब्जा लिया गया था। कुछ दिन पहले जमीन का निरीक्षण करने गए शिकायतकर्ताओं को आरोपियों ने गाली-गलौज और लाठी-डंडों से धमकाया, जिससे वे डरकर लौट आए। 5 अगस्त को दोबारा पहुंचने पर उन्होंने पाया कि करीब 4 लाख रुपये कीमत की दीवार व पिलर उखाड़ लिए गए। पूछताछ पर आरोपियों ने धमकी दी, “पिलर उखाड़ लिया, दोबारा आए तो जान से मार देंगे।” इसके बाद गीडा थाने में तहरीर देकर अवैध असलहा, धमकी, और चोरी की धाराओं में कार्रवाई मांगी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू की और राम उजागीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।















