खलीलाबाद: लापता पांच किशोर गोरखपुर से 24 घंटे में बरामद, परिजनों को सौंपे गए।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र से 17 जुलाई की शाम लापता हुए पांच किशोर अनुराग यादव (12), आजाद (12), किशन शर्मा (13), अनीश चौहान (12) और यूसुफ (13) को गोरखपुर के इंटरनेशनल बाटी चोखा ढाबा से रात 9 बजे बरामद किया गया। 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामदगी के बाद शुक्रवार को पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने पुलिस का धन्यवाद किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि जोगेंद्र यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा अनुराग गुल्लक से पैसे लेकर चार दोस्तों के साथ बिना बताए चला गया। परिजनों और पुलिस ने रातभर तलाश की, लेकिन गुरुवार शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। गोरखपुर से सूचना मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई की। किशोरों ने बताया कि उन्होंने पैसे इकट्ठा कर गोरखपुर घूमने गए थे।
बरामदगी में क्षेत्राधिकारी अजय सिंह, थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय, उप निरीक्षक अवधेश, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह, नुरुद्दीन, कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह और सतवंत सिंह शामिल रहे।















