कांवड़ सेल और रूटचार्ट से होगी कावड़ यात्रा की सुरक्षा, तामेश्वरनाथ धाम में चाक-चौबंद इंतजाम
संतकबीरनगर। आज से शुरू होने वाले सावन महीने और कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में पहली बार कांवड़ सेल की स्थापना की गई है, जो यात्रा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी एकत्र कर डीसीआर के माध्यम से प्रसारित करेगी। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शिव मंदिरों तक जाने वाले मार्गों का नक्शा तैयार करवाया है
जिसके आधार पर रूटचार्ट निर्धारित किया गया। प्रमुख बिंदुओं पर बैरियर और पुलिस पिकेट तैनात कर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, जबकि थानों के माध्यम से कावड़ समितियों की सूचनाएँ जुटाई जा रही हैं।जिले में ऐतिहासिक बाबा तामेश्वरनाथ धाम समेत 49 शिवमंदिर हैं, जिनकी साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
सावन के दौरान, खासकर सोमवार को, सरयू नदी के बिड़हर घाट से जलभर कर कावड़िए डीजे की धुन पर थिरकते हुए तामेश्वरनाथ धाम पहुँचते हैं। अयोध्या से भी कावड़ियों का जत्था शामिल होता है।
इस बार पुलिस ने विशेष तैयारी की है कावड़ सेल में आधा दर्जन पुलिसकर्मी तैनात हैं, और रूटचार्ट के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई है। तामेश्वरनाथ में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित होगी, जबकि जिला 103 जोन, 8 सेक्टर, और 56 सब-सेक्टर में बँटा है।सुरक्षा को मजबूत करने के लिए छह अंतरजनपदीय बैरियर एनएच-28 दुर्गा मंदिर मगहर, टेमा चौराहा, कांटे तिराहा, खलीलाबाद-धनघटा-अंबेडकरनगर मार्ग पर बिड़हर घाट, बस्ती-मेहदावल मार्ग पर बाघनगर, और बांसी-नंदौर मार्ग पर सांथा पर पिकेट की व्यवस्था होगी। डीजे संचालकों को चेतावनी पत्र जारी कर ध्वनि प्रदूषण नियमों, उत्तेजक नारों, और अश्लील गानों पर पाबंदी लगाई गई है। उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संचालकों को अफवाहों से बचने और पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।तामेश्वरनाथ धाम में 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक चाक-चौबंद सुरक्षा रहेगी। इसमें 9 सब-इंस्पेक्टर, 41 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, 10 महिला कांस्टेबल, 1 फायर टेंडर, 6 ट्रैफिक पुलिस, 1 प्लाटून पीएसी, और 1 क्यूआरटी तैनात रहेंगे। प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 1 सीओ, 1 थाना प्रभारी, 1 इंस्पेक्टर, 10 सब-इंस्पेक्टर, 67 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, और 15 महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगेगी। इसके अलावा, मार्गों पर कैमरों की संख्या बढ़ाई गई, डिजिटल वालंटियर नियुक्त किए गए, सड़क सुरक्षा, नदी घाटों पर प्रकाश, और नाव-नाविक की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
एसपी मीना ने कहा, “कावड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित होगी।”















