खोराबार थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में मारपीट से व्यक्ति की मौत, पुलिस ने 4 को हिरासत में लिया।
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के बिंद टोलियां रामबरन चौराहे के पास एक आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना स्थानीय निवासियों के बीच पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है, जिसके चलते हिंसक झड़प हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और घटनास्थल का जायजा लिया। सीओ ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।















