नवनियुक्त एडीएम प्रशासन सहदेव कुमार मिश्र ने संभाला पदभार:
ईमानदारी और निष्पक्षता से करेंगे जनता की समस्याओं का समाधान
गोरखपुर। 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी सहदेव कुमार मिश्र ने गुरुवार देर शाम गोरखपुर में एडीएम प्रशासन का पदभार ग्रहण किया। जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने उन्हें कार्यभार सौंपा। पदभार संभालते ही श्री मिश्र ने कार्यालय में लंबित फाइलों का निस्तारण शुरू किया और शुक्रवार को फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
श्री मिश्र ने कहा, “शासन और जिलाधिकारी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करूंगा। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को लागू करने और कलेक्ट्रेट के कार्यों को गति देकर चौमुखी विकास में योगदान दूंगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान बिना किसी भेदभाव के किया जाएगा और शासन की प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत पालन उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने आगे कहा, “आम जनता को त्वरित और न्यायसंगत समाधान प्रदान करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। न्यायालय में लंबित वादों का अधिवक्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकतम निस्तारण किया जाएगा, ताकि वादकारियों को समयबद्ध न्याय मिले।”
इससे पहले, श्री मिश्र इलाहाबाद, बिजनौर, बहराइच, बुलंदशहर, महोबा, जौनपुर और लखनऊ में आवास विकास सहित कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।















