डीएम का सख्त रुख: संचारी रोग नियंत्रण अभियान का निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश
बस्ती। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने नगर पालिका परिषद के नरहरिया वार्ड में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि नालियों में एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग का कार्य जारी है। वार्ड सभासद ने बताया कि सुबह वार्ड की साफ-सफाई की जांच की गई, लेकिन सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने देखा कि कुछ गलियों की नालियों में साफ-सफाई अपेक्षित स्तर की नहीं है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि मोहल्ले के लोगों को जागरूक करें कि साफ की गई नालियों में कचरा न डालें। इसके लिए सभासद की सहायता लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। निरीक्षण के दौरान वार्ड सभासद, अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















