रायबरेली के विकास के लिए सदर विधायक ने नगर विकास मंत्री को सौंपा प्रस्ताव, बस सेवा जल्द शुरू।
रायबरेली
रायबरेली की सदर विधायक अदिति सिंह ने नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री ए.के. शर्मा से औपचारिक भेंट कर क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पत्र सौंपा। प्रस्ताव में दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, बंदन योजना, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) और नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के तहत विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से जनता को लाभ पहुंचाने की बात कही गई।
अदिति सिंह ने बताया कि इन योजनाओं से रायबरेली में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, स्वच्छ वायु और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा। प्रस्तावित परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नालियों का विकास, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, सार्वजनिक शौचालय, पार्क, हरित क्षेत्र, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और धार्मिक-पौराणिक स्थलों का विकास शामिल है। विधायक ने आशा जताई कि मंत्री शीघ्र ही इन प्रस्तावों को मंजूरी देंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से जन-भागीदारी के साथ सर्वांगीण विकास में सहयोग की अपील की।
रायबरेली-हैदरगढ़ बस सेवा जल्द शुरू:
सदर विधायक ने एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि रायबरेली से हैदरगढ़ के लिए जल्द ही बस सेवा शुरू होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से विद्यार्थियों, मरीजों, ग्रामीणों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बस सेवा की मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
अदिति सिंह ने परिवहन विभाग से शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है ताकि यातायात सुविधाओं का लाभ जनता को जल्द मिल सके। यह पहल रायबरेली के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने के साथ-साथ रोजमर्रा की यात्रा को सुगम बनाएगी।















