रायबरेली: हड़ताल व आपदा से निपटने को डीएम की सख्त रणनीति
रायबरेली, 24 मई 2025। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने विद्युत कर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की मौजूदगी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, उपकरणों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।
डीएम ने अधिकारियों को टेक्नीकल स्टाफ की सूची सौंपने और आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए टीमें गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की जांच, जेनसेट को सक्रिय रखने और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर समन्वय की रणनीति तैयार करने को कहा। डीएम ने जोर दिया कि जनहित में किसी भी आपदा या हड़ताल से निपटने की तैयारी पुख्ता रखें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी विद्युत केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया, ताकि किसी भी स्थिति में व्यवधान न आए। बैठक में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की व्यापक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, चीफ इंजीनियर आर.पी. प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















