गोरखपुर मुठभेड़: कुख्यात गो-तस्कर साहब अंसारी गिरफ्तार, तमंचा-पिकअप जब्त।
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस ने साहसी मुठभेड़ के बाद कुख्यात गो-तस्कर साहब अंसारी को धर दबोचा। मुठभेड़ में अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से देसी तमंचा, कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया। अंसारी पर शाहपुर, कैंट, कप्तानगंज और चिलुआताल थानों में गौ-हत्या, पशु क्रूरता और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
रात के अंधेरे में मुठभेड़
23-24 मई की रात गश्त के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखा। रुकने का इशारा करने पर वाहन में सवार बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में साहब अंसारी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंसारी को हिरासत में लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अंसारी का आपराधिक इतिहास
बिहार के पश्चिमी चंपारण (बगहा) के तमकुहा निवासी साहब अंसारी पुत्र हारुन अंसारी लंबे समय से गो-तस्करी में संलिप्त है। उसके खिलाफ गौ-हत्या, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में उसके खिलाफ मु.अ.सं. 254/25, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
बरामद सामग्री
एक देसी तमंचा (.315 बोर)
एक खोखा कारतूस
एक जिंदा कारतूस
तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन
पुलिस की साहसिक कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अंजय सिंह और 13 अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने इस जोखिम भरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।















