डीएम का मेहदावल दौरा: बाढ़ परियोजनाएं, खेल मैदान और गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण।
संतकबीरनगर: जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मेहदावल तहसील में विकास कार्यों का जायजा लेते हुए करमैनी बेलौली तटबंध पर नई बाढ़ परियोजनाओं का निरीक्षण किया। तटबंध पर नवगों, बाढ़ चौकी बढ़या ठाठर और बेलौली स्टोर में पर्याप्त मात्रा में सीमेंट की बोरियां, नायलन क्रैट, गिट्टी और मोरंग रिजर्व पाए गए। डीएम ने अधिशासी अभियंता अजय कुमार सहित अन्य इंजीनियरों को तटबंधों की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने विकासखंड मेहदावल के ग्राम पंचायत करमैनी में मनरेगा योजना से निर्मित खेल मैदान, अंत्येष्टि स्थल, बाउंड्री वॉल, पाथ-वे और मिट्टी पटाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान में ओपन जिम स्थापित करने और अंत्येष्टि स्थल की उपयोगिता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बढ़या में स्थाई गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने 284 गोवंश (140 नर, 144 मादा) की स्थिति जांची। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी से गोवंशों के स्वास्थ्य, टीकाकरण और चारे-पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। डीएम ने गो-आश्रय स्थल की बाउंड्री वॉल की मरम्मत, सोलर सिस्टम स्थापना, नियमित साफ-सफाई और पोषण पर जोर देते हुए इसे आदर्श गौशाला बनाने के निर्देश दिए।
बढ़या में बायोगैस प्लांट का निरीक्षण कर डीएम ने इसे पूर्ण क्षमता से संचालित करने और उत्पन्न बिजली के समुचित उपयोग के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उप जिलाधिकारी संजीव राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुरेश कुमार तिवारी, डीपीआरओ मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता राम उजागिर, तहसीलदार अल्पिका वर्मा, ओएसडी राकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















