बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल, सिलाई मशीनें वितरित।
संतकबीरनगर: खलीलाबाद शहर के एक निजी होटल में सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक प्रेरणादायक पहल के तहत सिलाई मशीन वितरण समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को स्वरोजगार का अवसर प्रदान करने के लिए मुफ्त सिलाई मशीनें वितरित की गईं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार का सहारा बनें।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. सोनी सिंह रहीं, जिन्होंने अपने कर कमलों से लाभार्थी बेटियों को सिलाई मशीनें सौंपीं। उनके इस कार्य ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ट्रस्ट की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. एखलाक अहमद ने मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंटकर हार्दिक स्वागत किया।
अपने संबोधन में डॉ. सोनी सिंह ने कहा, “बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना समाज के विकास की नींव है। सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल न केवल बेटियों को सशक्त कर रही है, बल्कि समाज के लिए एक मिसाल भी कायम कर रही है। ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है।”
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट के इस कदम की जमकर सराहना की और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बेटियां आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ सकें।















