बर्थडे पार्टी में जाते वक्त हादसा, तीन युवकों की मौत।
संतकबीरनगर:
संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र में मंगलवार देर रात रामजानकी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। महाखरपुर के पास तेज रफ्तार बाइक सवार तीनों, जो हेलमेट नहीं पहने थे, नियंत्रण खोने के कारण एक खड़ी ट्रक से टकरा गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में महुली थाना क्षेत्र के अमन (पुत्र सुभाष चंद्र), शनि (पुत्र राधेश्याम) और बस्ती के वाल्टरगंज थाने का चंद्रभान शामिल हैं। तीनों की उम्र 18-19 साल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, तीनों एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना हादसे की गंभीरता को बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हो सकते हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। धनघटा विधायक गणेश चौहान ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पोस्टमॉर्टम हाउस भी पहुंचे।















