बुखार और उल्टी दस्त का प्रकोप, अस्पतालों में बढ़े मरीज
– गर्मी तेज पड़ने के साथ ही संक्रामक रोग पसार रहा पांव
– सहजनवां तहसील के सीएचसी पर सात सौ की संख्या में पहुंच रहे लोग
गोरखपुर। सहजनवां : गर्मी बढ़ने के साथ ही संक्रामक रोग भी पांव पसारने लगा है। बुखार और उल्टी दस्त की समस्या से परेशान लोग इलाज के लिए अधिक संख्या में अस्पतालों में पहुंचने लगे है। तहसील के तीनों सीएचसी पर हर रोज सात सौ से अधिक की संख्या में लोग इलाज कराने सीएचसी पर आ रहे है। चिकित्सक लोगों से साफ सफाई और ताजा भोजन करने की सलाह दे रहे है।
गर्मी के मौसम धूप तेज होने के साथ ही एक बार फिर आम लोगों की सेहत बिगड़ने लगी है। गांव की जनता अपने खेतों में दिन रात मेहनत कर रही है लेकिन मौसम के कारण लोग बीमार भी पड़ने लगे है। मई माह के पहले पखवारे में एक फिर सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। बुखार और उल्टी दस्त की समस्या लेकर पीड़ित अस्पतालों पर पहुंच रहे। सीएचसी सहजनवां पर अकेले ढ़ाई सौ से तीन सौ तक की संख्या में ओपीडी में मरीज इलाज के लिए आ रहे है। सोमवार को सीएचसी इलाज करने आई 10 वर्षीय कु. आशा को कई दिनों से बुखार से परेशान होने के बाद को इलाज कराने पहुंचीं। मनीषा देवी की रात को अचानक तबियत बिगड़ गई और उल्टी दस्त होने पर इलाज के लिए अस्पताल पर लाया गया। 65 वर्षीय रामराज बुखार की दवा कई दिनों से खाने के बाद आराम नहीं मिलने पर इलाज के लिए पहुंचे। ठर्रापार और पिपरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। अधीक्षक डा. व्यास कुशवाहा ने कहा कि मौसम के कारण संक्रामक रोग फैल रहा है। मरीजों को सावधानियां बरतने के लिए बताया जा रहा है।















