जमीन के नाम पर ठगी का खेल: 5 लाख हड़पे, रजिस्ट्री से मुकरा आरोपी गैंग, पुलिस ने 8 पर दर्ज किया मुकदमा
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के जंगल महुअवा उर्फ मुहम्मदपुर में एक शख्स से जमीन बैनामा करने के नाम पर ₹5,00,000 कुछ लोगों ने हड़प लिए और जब बैनामा करने की बारी आई तो उसे जान-माल की धमकी देते हुए रजिस्ट्री से इनकार कर रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कमलेश कुमार सिंह पुत्र स्व. लखराज सिंह, निवासी जगदीशपुर, थाना-एम्स, जिला-गोरखपुर ने बताया कि उन्होंने जंगल महुअवा उर्फ मुहम्मदपुर में स्थित आराजी नं. 20 की जमीन राजू उर्फ राजकुमार पुत्र प्रेमदास से खरीदने के लिए बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव के माध्यम से मुआयदा किया था। मुआयदा होने के कुछ दिन बाद राजू उर्फ राजकुमार की मृत्यु हो गई, जिसके कारण बैनामा नहीं हो सका। बाद में अंजू पुत्री राजू उर्फ राजकुमार के नाम पर जमीन का वारिसाना दर्ज हुआ। अंजू से वार्ता के दौरान रामकेवल और अमित कुमार मौजूद थे, और ₹5,00,000 में बैनामा करने का सौदा तय हुआ। यह राशि अंजू के खाता संख्या 190601000009520, इंडियन ओवरसीज बैंक, शाखा फातिमा हॉस्पिटल, गोरखपुर में दो किश्तों में (15.12.2021 को ₹3,00,000 और 28.03.2022 को ₹2,00,000) अंतरित की गई।
हालांकि, बाद में पता चला कि अंजू ने उक्त जमीन को शिवेंद्र पुत्र विनय सिंह, निवासी शेखपुर, अठगाँवा, गजेरिया, प्रतापगढ़ के साथ फर्जी एग्रीमेन्ट कर दिया, जिसमें रामकेवल पुत्र शिवपूजन, अमित कुमार पुत्र रामकेवल, अतुल कुमार सिंह पुत्र वैक्टेश्वर सिंह, राजू उर्फ राजेश्वर पुत्र प्रेम, इंद्रसेन यादव पुत्र दिलराज, आदर्श चौहान और दीपक चौहान पुत्रगण अखिलेश शामिल थे। ये सभी अंजू को बहकाकर बैनामा करने से रोक रहे हैं और प्रार्थी को धमकी दे रहे हैं। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर के आदेश पर थाना चिलुआताल पुलिस ने अंजू, रामकेवल, अमित कुमार, अतुल कुमार सिंह, राजू उर्फ राजेश्वर, इंद्रसेन यादव, आदर्श चौहान और दीपक चौहान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।















