मगहर के पास भीषण सड़क हादसा, मोटरसाइकिल सवार की मौत, ट्रक चालक फरार।
संतकबीरनगर
आज, 12 मार्च 2025 को सुबह मगहर चौकी क्षेत्र (थाना कोतवाली) के अंतर्गत मयूर गैस प्लांट के पास हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मगहर, उपनिरीक्षक मनीष जायसवाल मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर, नंबर UP58K8420) चालक उमापति (19 वर्ष), पुत्र राम ललित, निवासी ग्राम मरवटिया, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संत कबीर नगर, खलीलाबाद से मगहर की ओर जा रहा था। तभी मयूर गैस प्लांट के समीप एक ट्रक (नंबर UP72AT4446) ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक उमापति की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस, खलीलाबाद भेज दिया है। फायर सर्विस की मदद से मोटरसाइकिल में लगी आग को बुझाया गया और ट्रक को हाईवे से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। मामले की जांच जारी है।
चौकी प्रभारी मगहर: उपनिरीक्षक मनीष जायसवाल
खबर को अपडेट किया जाएगा















